क्षेत्र के गांव दर्शना निवासी दो युवकों को मुरसान रेलवे स्टेशन के सामने एक युवक ने साथियों के साथ पीट दिया। जिसकी शिकायत मुरसान पुलिस से की गई है। उदय व निखिल निवासी गांव दर्शना का कहना है कि बुधवार की देर शाम वह रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा बरेली मार्ग पर बाइक की धुलाई करा रहे थे। इसी दौरान गांव उदयभान निवासी एक युवक उनके पास खड़े होकर सिगरेट पीने लगा। सिगरेट का धुआं निकलने पर उदय व निखिल ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर युवक झगड़ा करने लगा। आरोपी युवक ने अपने साथियों को भी बुला लिया और दोनों को पीट दिया। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोनों का उपचार कराया। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।