संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में इन-दिनों बुखार जमकर कहर बरपा रहा है। जिले में अब तक बुखार के 11,136 मरीज मिल चुके हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि हालांकि चिकिनगुनिया, स्क्रफटाइफस और डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है। मलेरिया के पांच मरीज मिले हैं। इनका उपचार कराया जा रहा है।
टीमों ने शनिवार को भी कई गांवों में शिविर लगाकर बुखार के लक्षण वाले मरीजों का उपचार किया और उन्हें दवाएं दीं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि विभाग की टीमें गांव-गांव में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार कर रही हैं। साथ ही एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिंग भी कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में रोजाना वायरल बुखार के काफी मरीज आ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए ब्लॉक स्तर पर टीमें गठित कर दी गई हैं। टीमें लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों से बचाव की जानकारी दे रही हैं। शनिवार को भी 28 टीमों ने भ्रमण किया।
मलेरिया, डेंगू एवं मौसमी बुखार से बचाव के लिए घर में सफाई बनाए रखें। बच्चों एवं बुजुर्गों को पूरे आस्तीन के वस्त्र पहनने के लिए कहें। घर में टायर, कूलर, ड्रम, पुराने टूटे-फूटे, नाद इत्यादि बर्तन में जमा पानी खाली कर दें। छतों पर पानी जमा न होने दें। घर के आसपास की नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई अवश्य करें।
मच्छरदानी का प्रयोग करें एवं शरीर के खुले अंग पर मच्छररोधी तेल का इस्तेमाल करें। बुखार आने पर आशा, आंगनवाड़ी, एएनएम अथवा प्रभारी चिकित्साधिकारी को सूचित करें। नजदीकी सरकारी चिकित्सालय पर आकर अपना उपचार कराएं।
-डॉ. मंजीत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी हाथरस