संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बारिश के पूर्वानुमान से जिले भर के किसान चिंतित हैं। अब किसानों के सामने पकी फसल को काटने व नई फसल की बुआई को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। किसान लगातार कृषि विभाग से संपर्क साधे हुए हैं।
दरअसल, छह से आठ अक्तूबर तक जिले में बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर कृषि विभाग भी अलर्ट है। हालांकि, अभी कृषि विभाग को मौसम विभाग की ओर से बारिश होने को लेकर कोई पूर्वानुमान रिपोर्ट नहीं दी गई है। इसके बावजूद भी कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी किसानों को बारिश को लेकर सचेत कर रहे हैं, ताकि फसल को कोई नुकसान न हो सके।
जिला कृषि अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि जिन किसानों की फसल पूरी तरह पक चुकी है, वह किसान अपनी फसल को जल्द ही काट कर सुरक्षित स्थानों पर रख दें। वहीं जो किसान नई फसल की बुआई करना चाहते हैं, वो किसान बारिश के होने तक इंतजार करें। बारिश होने के बाद फसल की बुआई शुरू करें, तो फायदेमंद साबित होगी।
- बारिश के आने की संभावना के चलते किसान नई फसल की बुआई को लेकर सभी किसान सोच में पड़े हुए हैं। बुआई के दौरान बारिश आने पर फसल की बुआई खराब हो जाती है। - अंकित, किसान।
- खेतों में फसल पक कर तैयार खड़ी है। बस कुछ दिन बारिश रूक जाए तो आसानी से फसल कट कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंच जाएगी। फसल को भी नुकसान नहीं होगा। - सर्वेश, किसान।