मृतक किसान रनवीर सिंह का फाइल फोटो
- फोटो : Samvad
कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव जाऊ स्थित अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे गांव बाबस निवासी 45 वर्षीय किसान की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिकंदराराऊ क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसई के माजरा बाबस निवासी 45 वर्षीय रनवीर पुत्र भीमसेन गांव जाऊ स्थित नहर के किनारे खेत पर सरसों की फसल की बुवाई कर रहे थे। तभी गांव बाबस के ही ट्रैक्टर चालक ने तेजी व लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए रनवीर सिंह को टक्कर मार दी। रनवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर आसपास के खेतों पर कार्य कर रहे किसान व मजदूरों की भीड़ जुट गई। रनवीर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने रनवीर को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने घटना की जानकारी हसायन कोतवाली पुलिस व सलेमपुर चौकी पर पुुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ने पत्नी व अन्य परिजनों के अलावा दो बेटे व एक बेटी को बिलखते हुए छोड़ा है। पुत्र सोनू ने गांव बाबस निवासी ट्रैक्टर चालक पवन कुमार पुत्र होडल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।