सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नेत्र चिकित्सक गोपाल गौतम के पास आंखों की जांच कराते मरी
- फोटो : samvad
बारिश के मौसम में आंखों में संक्रमण (आई फ्लू) की बीमारी तेजी से फैल रही है। करीब एक सप्ताह के अंदर ऐसे मरीजों की संख्या काफी तेजी से बढ़ी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीड़ित मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को यहां पर 100 मरीजों को तो शुक्रवार को 93 मरीजों की आंखों का इलाज किया गया। चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कस्बा और देहात क्षेत्र में बच्चों से लेकर बुजुर्ग आई फ्लू की चपेट में हैं। स्कूल-कॉलेजों में आई फ्लू ग्रसित बच्चों को घर भेजा जा रहा है, क्योंकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसमें आंखें लाल हो जाती हैं। दर्द के साथ खुजली भी होती है। आंखों से पानी बहने की समस्या हो जाती है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र चिकित्सा विभाग में सुबह से मरीजों की लाइन लग जाती है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात नेत्र परीक्षण अधिकारी गोपाल गौतम ने बताया कि आंखों का लाल होना, खुजली, पानी आना, पलकों में सूजन जैसे लक्षण हैं तो आंखों को रगड़े नहीं। परिवार के अन्य लोगों से दूर रहें। आंखों को पानी से धोने के बाद नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर नेत्र चिकित्सक से सलाह लें। एमओआईसी डॉ. दानवीर सिंह कहना है कि मरीज चिकित्सक की सलाह अनुसार दवा और उपचार लें।