प्राथमिक विद्यालय खेड़ा फिरोजपुर के भवन से हटाया स्वतंत्रता सेनानी का नाम
- फोटो : स्वयं
सासनी के प्राथमिक विद्यालय खेड़ा फिरोजपुर का नाम स्वतंत्रता सेनानी रूपराम सिंह के नाम पर रखे हुए 24 घंटे भी नहीं बीते थे, कि उस पर कुछ लोगों ने दूसरा रंग पोत दिया। जब इसकी सूचना परिजनों को मिली, तो वह काफी क्षुब्ध हुए। इस संबंध में थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी गई है।
सुरेंद्र कुमार सिंह पुत्र कुंवर पाल सिंह निवासी खेड़ा फिरोजपुर ने थाने में तहरीर देते हुए कहा है कि उनके बाबा स्व ठाकुर रूपराम सिंह स्वतंत्रता सेनानी थे। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार स्वतंत्रता सेनानियों के नाम से अमृत महोत्सव के अंतर्गत शिलापटि्टकाएं एवं नामकरण हो रहा है। सार्वजनिक जगहों, प्राथमिक विद्यालय, निजी सचिवालय एवं चौराहों के नामकरण स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर हो रहे हैं।
इसी क्रम में उन्होंने भी एक प्रार्थना पत्र शिक्षा एवं विकासखंड कार्यालय में दिया था। जिसके बाद प्राथमिक विद्यालय खेड़ा फिरोजपुर का नाम उनके बाबा के नाम पर दिनांक 25 जनवरी 2024 को प्रधान पति एवं प्रधानाध्यापक की मौजूदगी में किया गया था। 26 जनवरी को ध्वजारोहण भी किया गया था। आरोप है कि बसपा समर्थक एवं प्रधान पति की साजिशों के तहत नाम पटि्टका पर दूसरा रंग पोत दिया। नामकरण समाप्त कर दिया गया।
जिससे पूर्वजों का अपमान एवं शासनादेश की अवहेलना हुई है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों ने कहा है कि स्वतंत्रता सेनानी का सम्मान ध्यान में रखते हुए पुनः नामकरण किया जाए। इस संबंध में परिजनों ने थाने में जो तहरीर दी है, उसमें लिखा है कि स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर कालिख पोत दी गई है। इस प्रकरण में ग्राम प्रधान मधुबाला गौतम का कहना है कि बिना किसी आदेश के स्वतंत्रता सेनानी का नाम प्राथमिक विद्यालय पर लिखवा दिया गया था। जिसे हटा दिया गया है।