बेटियों को सम्मानित करते जनप्रतिनिधि। संवाद
- फोटो : samvad
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता, माता या पिता या विधिक संरक्षक को खोने वाले 19 बच्चों को विधायक सदर अंजुला माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राना, जिलाधिकारी अर्चना वर्मा व मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र ने लैपटॉप वितरित किए। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत छह माह की दो बच्चियों को बेबी किट व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की नौ छात्राओं को एजुकेशन किट व डिक्शनरी प्रदान की गईं।
इस मौके पर केक काटकर 11 बच्चियों का जन्मदिन मनाया गया। दो बच्चियों को झूला दिया गया। जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने कहा कि समाज में धीरे-धीरे परिवर्तन आ रहा है। इसके तहत बेटी और बेटे को एक समान दर्जा दिया जा रहा है। बेटियां आज के समय में किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं।
विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राना ने कहा कि कोविड के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता-पिता या दोनों को खो दिया है, उनका संरक्षण सरकार द्वारा इस योजना के माध्यम से किया जा रहा है। सदर विधायक अंजुला माहौर ने कहा कि बेटियां शिक्षा के सशक्त माध्यम को पहचानें और इसके माध्यम से नये आयामों को प्राप्त कर जीवन को सफल बनाएं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या ने कहा कि कोविड 19 से प्रभावित हुए ऐसे बच्चे, जो कक्षा 9 या उससे ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत हैं, को लैपटॉप वितरण किए जाने का प्रावधान है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता, बाल संरक्षण अधिकारी विमल कुमार शर्मा, महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम, प्रबंधक वन स्टॉप सेंटर मनीषा भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता प्रतिष्ठा शर्मा, बंटी, मोहित, शिवप्रसाद, वार्डन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सुनीता कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।