दाऊजी मेला को निर्बाध आपूर्ति दिए जाने के लिए वाटर वर्क्स के 33/11 केवी विद्युत केंद्र सहित कई जगहों पर रविवार को मरम्मत का कार्य हुआ। इस कारण शहर के कई इलाकों में करीब छह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। मीतई विद्युत केंद्र से लेकर वाटर वर्क्स तक की लाइन के बीच पेड़ व झाड़ियों की कटाई-छंटाई की गई। विद्युत उपकेंद्र पर मरम्मत का कार्य किया गया। जलेसर रोड पर बिजली के झूलते तारों को कसा गया। इस दौरान रविवार सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
इन इलाकों में गुल रही बिजली : वॉटर वर्क्स, भूरापीर, गणेश गंज, किला गेट, ऊंट गाड़ी मोहल्ला, जलेसर रोड, कांशीराम कॉलोनी, मस्जिदवाला चौराहा आदि मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप रही। अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह ने बताया कि दाऊजी मेला के आयोजन से पहले मरम्मत कार्य कराया गया है, ताकि मेले के दौरान दिक्कत का सामना न करना पड़े।