मुरसान कोतवाली से डॉक्टरी परीक्षण कराने जाते विद्युत प्रवर्तन दल के घायल एसआई व अन्य पुलिसकर्मी
- फोटो : samvad
मुरसान (हाथरस)। कस्बा के मोहल्ला बौहरान में बिजली विभाग के एक मुकदमे में जांच करने गई पुलिस टीम के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। पिटाई से दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों ने कोतवाली में एक परिवार की एक महिला सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
बता दें कि सोमवार को मुरसान के मोहल्ला बौहरान में चेतन पुत्र विनोद के यहां बिजली विभाग के दरोगा शिवकुमार गौतम व तीन पुलिसकर्मी और एक विद्युत कर्मचारी मुकदमे की जांच के लिए गए थे। इस दौरान बिजली विभाग के एसआई शिवकुमार गौतम की चेतन पुत्र विनोद के साथ नोकझोंक हो गई। आरोप है कि चेतन व उसकी मां सर्वेश के साथ दो अज्ञात लोगों ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस की पिटाई होती देख मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। पिटने के बाद पुलिसकर्मी मुरसान थाने आ गए और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मुरसान थानाध्यक्ष योगेश कुमार का कहना है कि पुलिस कर्मियों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।