सादाबाद कोतवाली में चौधरी चरण सिंह चौराहा स्थित एसबीआई के शाखा प्रबंधक सुशील कुमार पुत्र दयाराम ने संतोष कुमार पुत्र गंगाराम गौतम निवासी गढी अंचा और माधुरी गौतम पत्नी संतोष कुमार गौतम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन दोनों के खाते में गलती से बिजली विभाग की रकम जमा हो गई थी, जिसे इन्होंने वापस नहीं किया।
रिपोर्ट में आरोप है कि 20 मार्च 2023 को विद्युत विभाग के कर्मचारी ने 460952 रुपये जमा किए थे, लेकिन विभाग के कैश ऑफिसर सोन कुमार और लेखापाल अमिता चौधरी से भूलवश यह रकम संतोष कुमार गौतम व माधुरी गौतम निवासी गढ़ उमराव बिसावर के खाते में जमा हो गई, जबकि यह रकम विद्युत विभाग ने जमा कराई और जमा की रसीद भी विभाग के पास है। विद्युत विभाग द्वारा रकम जमा करने का बाउचर भी शाखा में उपलब्ध है।
विद्युत विभाग ने सात महीने बाद जांच कराई तो खाते में रकम जमा नहीं थी। जांच में पता चला कि यह रकम भूलवश संतोष व माधुरी के खाते में जमा हो गई है। इसकी वसूली के लिए कैश ऑफिसर सोन कुमार, लेखापाल अमिता चैधरी, वर्तमान कैश ऑफिसर सतेंद्र, क्षेत्राधिकारी बच्चू सिंह, शाखा प्रबंधक सुशील कुमार व क्षेत्रीय सम्मानित व्यक्तियों ने भी कई बार संतोष और माधुरी से संपर्क किया, लेकिन आज तक उन्होंने इस रकम को जमा नहीं किया।
बैंक ने कई बार लिखित रूप से भी इन दोनों को सूचित किया, लेकिन इन लोगों ने इन पत्रों को लेने से इंकार कर दिया। आरोप है कि स्टाफ के साथ भी गलत व्यवहार किया गया। सतेंद्र के हाथों से दस्तावेज छीन लिए गए। इस तरह संतोष व माधुरी गौतम ने सरकारी धन का दुरुपयोग कर उसे अपने उपयोग में लिया है, जबकि उनको पूरी जानकारी थी कि यह रकम उनकी नहीं है।