होली के मद्देनजर अभी रोडवेज बसों में यात्रियों की कम है। रविवार से बसों में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में दिल्ली मार्ग पर अधिक बसें चलाई जा रही हैं ताकि कमाई ज्यादा हो। इधर, प्रोत्साहन योजना के पहले दिन डिपो को करीब डेढ़ लाख रुपये का फायदा हुआ है।
हाथरस डिपो ने यात्रियों को राहत देने व आय बढ़ाने के लिए होली प्रोत्साहन योजना का क्रियान्वयन किया है। इस दौरान बसें अतिरिक्त फेरे लगा रही हैं। खास बात यह है कि शनिवार को यात्रियों की संख्या कम रही। इस कारण डिपो में रोडवेज बसें यात्रियों का इंतजार करती रहीं। डिपो के अधिकारियों की मानें तो प्रोत्साहन योजना के पहले दिन डिपो ने करीब डेढ़ लाख रुपये की आय अर्जित की है। अब रविवार से यात्रियों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। हाथरस डिपो में बसों के अतिरिक्त संचालन के लिए चालक परिचालकों के अवकाश को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। कार्यशाला कर्मियों को भी अवकाश नहीं मिलेगा। बारह मार्च के बाद कर्मियों को अवकाश दिए जाएंगे।