हाथरस। इस बार बोर्ड परीक्षाओं में उत्तरपुस्तिकाआें को बदलकर नकल कराना आसान नहीं होगा। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्तरपुस्तिकाओं पर सिक्योरिटी कोड डालकर भेजा है, जिससे परीक्षा के दौरान कॉपियों को आसानी से बदला न जा सके। इस व्यवस्था से काफी हद तक नकल पर अंकुश लग सकेगा।बोर्ड परीक्षाओं में नकल कराने के लिए माफिया हर तरह का फंडा अपनाते हैं। इनमें सेे एक परीक्षा के दौरान उत्तरपुस्तिकाएं (कॉपियां)बदलना भी है। नकल माफिया किसी भी विद्यालय से किसी तरह बोर्ड में प्रयोग की जाने वाली कापी हांसिल कर लेते हैं और परीक्षा के समय पेपर आउट कर बाहर ही कापी पर हल करा देते हैं। परीक्षा के बाद मिलीभगत से उसे परीक्षार्थी की कॉपी से बदल दिया जाता है। इस प्रवृति पर रोक लगाने के लिए इस बार शासन की ओर से कॉपियों पर सिक्योरिटी कोड डालकर भेजा गया है। परीक्षाकेंद्र पर जिस सिक्योरिटी कोड की कॉपियों को भेजा जा रहा है, रजिस्टर में उसकी एंट्री भी की गई है। इससे यह मालूम रहेगा कि किस परीक्षाकेंद्र पर किस कोड की कॉपी भेजी गई है।