सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में सादाबाद-मथुरा रोड पर डंपर ने एक बाइक में 9 अगस्त को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। पीछे बैठा भाई घायल हो गया। मृतक रोडवेज में कर्मचारी था।
गांव नगला बीच निवासी 42 वर्षीय विनीत कुमार पुत्र हरनाम सिंह रोडवेज में कर्मचारी थे। भाई के साथ 9 अगस्त को सादाबाद से बाइक पर अपने गांव जा रहे थे। इस बीच रास्ते में मथुरा रोड पर पीछे से आ रहे एक डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में विनीत की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में देवेंद्र घायल हो गया। मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। विनीत को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस व परिजन अस्पताल पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटनास्थल पर लोगों ने डंपर को पकड़ लिया।