हाथरस जंक्शन के गांव दरियापुर के निकट मंगलवार की दोपहर को डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में चार माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव मितनपुर निवासी सुनील अपने साले अरविंद के साथ अपने चार माह के पुत्र तरुण को दवा दिलवाने मोटर साइकिल से गांव दरियापुर जा रहे थे। मोटरसाइकिल को अरविंद चला रहा था। सुनील अपने बीमार पुत्र को लेकर पीछे बैठे थे। गांव दरियापुर के निकट ही डंपर ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चार माह का तरुण नीचे गिर गया और डंपर की चपेट में आ गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल सुनील को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सुनील के इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की मां गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।