संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लंबे समय से आवास निर्माण के लिए अनुदान राशि पाने का इंतजार कर रहे लाभार्थियों की डीपीआर जल्द भेजी जाएगी। इसे लेकर विभाग की ओर से लाभार्थियों के दस्तावेजों को एकत्रित किया जा रहा है। उन लाभार्थियों के दस्तावेज एकत्रित किए जा रहे हैं, जिन लाभार्थियों को तहसील स्तर से पात्रता सूची में रखा गया है।
पीएम आवास योजना शहरी के तहत आवास निर्माण किए जाने के लिए वर्ष 2018 से आवेदन लंबित हैं। इन आवेदनों की कई बार विभिन्न स्तरों से जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक इन पात्रों की डीपीआर शासन को नहीं जा सकी। डूडा विभाग की ओर से अब फिर से एक बार तहसील स्तर से पात्रता सूची में शामिल करीब 4500 आवेदकों के दस्तावेजों को एकत्रित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इन पात्रों से आवास निर्माण करने के लिए जमीन के दस्तावेज, मूल निवास प्रमाण पत्र, आदि दस्तावेजों को एकत्रित कर पत्रावली को तैयार किया जा रहा है। अब तक करीब एक हजार लाभार्थियों के दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। जिला समन्वयक पवन कुमार ने बताया कि शासन स्तर से डीपीआर मांगे जाने पर तत्काल डीपीआर भेज दी जाएगी, इसीलिए लाभार्थियों के दस्तावेजों को पूर्ण किया जा रहा है।