महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा के लोगों ने नौकरी लगने के नाम पर डाले हैं खाते में पैसे
- फोटो : अमर उजाला
दो लोगों पर नौकरी के नाम पर बैंक एकाउंट में रुपये डलवाए जाने का आरोप है। इसे लेकर आईडीबीआई बैंक के मैनेजर ने कोतवाली हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कराया और दोनों आरोपियों को बैंक बुलाकर गिरफ्तार भी करा दिया। अलीगढ़ रोड स्थित आईडीबीआई बैंक में करीब तीन महीने पहले मुरसान के नगला अनी निवासी भोलाशंकर और अभिषेक निवासी बसेली थाना इगलास अलीगढ़ ने प्राइम सर्विस ग्रुप के नाम से बैंक अकाउंट खुलवाया था। इसे लेकर बताया गया है कि इस ग्रुप द्वारा डिजाइनिंग एवं अन्य आईटी सर्विसेज से संबंधित काम किए जाते हैं, जबकि इस अकाउंट में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा के 200 से अधिक लोगों ने पैसा जमा कराया। फिलहाल इस एकाउंट में तीन लाख रुपये जमा कराए गए। जिन-जिन आईडीबीआई बैंक शाखाओं में पैसा जमा हुआ और उन लोगों से बैंक के अधिकारियों ने पूछा तो यह बात सामने आई कि वह नौकरी लगने के नाम पर अकाउंट में पैसे जमा करा रहे हैं, जिसके बाद उन शाखाओं के प्रबंधकों ने हाथरस ब्रांच के प्रबंधक को फोन कर पूरी जानकारी दी। प्रबंधक मनीष ने दोनों आरोपियों को बुलाया और कोतवाली हाथरस गेट के हवाले करते हुए मुकदमा दर्ज कराया।