संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में कर करेत्तर और राजस्व कार्यों के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष वसूली करने के निर्देश दिए।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों व लंबित संदर्भों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन संदर्भों की समीक्षा में ईडीएम मनोज उपाध्याय ने बताया कि पीजी पोर्टल स्तर पर एक संदर्भ, मुख्यमंत्री संदर्भ में पांच, ऑनलाइन स्तर पर नौ संदर्भ, मंडलायुक्त संदर्भ में एक, आर्थिक मदद संदर्भ में एक, संपूर्ण समाधान संदर्भ में तीन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में 18 संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में मिले।
उन्होंने राजस्व विभाग से संबंधित सरकारी सेवाओं के अंतर्गत समस्त तहसीलों में 1691 जाति प्रमाणपत्र संबंधित आवेदन, समस्त तहसीलों में 1976 आय प्रमाण पत्र संबंधित आवेदन पत्र और समस्त तहसीलों में 1866 निवास प्रमाणपत्र से संबंधित आवेदन पत्र लंबित होने पर नाराजगी जताई।
डीएम ने मुख्य देय, विविध देयों की वसूली, कर करेत्तर तथा राजस्व कार्यों की विभागवार समीक्षा की। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम होने पर नाराजगी जाहिर की। नगर निकायों में वसूली का प्रतिशत कम होने पर उन्होंने समस्त अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पालिका और नगर पंचायतों को अभियान चलाकर प्रवर्तन के माध्यम से मानक के अनुरूप वसूली करने के निर्देश दिए।