डेंगू और मलेरिया के खतरे के बीच जिले में बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को पहुंचे करीब डेढ़ हजार मरीजों में 300 बुखार पीड़ित थे।
चिकित्सकों की मानें तो बुखार ठीक होने में आठ दिन का समय ले रहा है। शुरू के चार दिन मरीजों को लौट-लौट कर बुखार आ रहा है। बुखार से मरीजों को पैरों में भी दर्द महसूस हो रहा है। बारिश का मौसम शुरू होते ही डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। इनसे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी पर डेंगू वार्ड की व्यवस्था की गई है।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को खुले जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। पर्चा और दवा काउंटर के अलावा चिकित्सकों के कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी रही। मरीजों को चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल के सभी वार्ड भी बुखार पीड़ितों से भरे हैं। निजी चिकित्सकों के यहां भी बुखार के मरीजों की भरमार है। इनके यहां भी मरीजों की भीड़ उमड़ रही है।चिकित्सक इस मौसम में मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
-
बचाव के उपाय-
-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
-घरों व कार्यालयों के आसपास गंदगी एकत्रित न होने दें।
-घरों व कार्यालयों के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
-मच्छरों को दूर भगाने वाले संसाधनों का प्रयोग करें।
-बुखार आने पर तत्काल योग्य चिकित्सक से परामर्श लें।
-
वर्जन-
जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। रोजाना करीब 300 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बुखार ठीक होने में आठ दिन तक का समय ले रहा है। हमारा प्रयास है कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
- डॉ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस जिला अस्पताल।