केला फार्म की भूमि को लेकर चल रहे विवाद में मिष्ठान कारोबारी रामेश्वर दयाल शर्मा और उद्यमी आशीष बंसल आमने सामने आए गए हैं। मिष्ठान कारोबारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया तो उद्यमी ने पत्रकार वार्ता बुलाकर अपना पक्ष रखा। मिष्ठान कारोबारी ने एसडीएम पर भी अभद्रता करने और सुल्तानपुर जैसा कांड करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
जमीन कब्जाने के लिए वृद्ध को किया आगे, उद्यमी ने मांगी सुरक्षा
हाथरस। विवाद के बीच मंगलवार को शहर के उद्यमी आशीष बंसल ने पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि पूर्व पालिकाध्यक्ष के कुछ समर्थक वैश्य समाज के लोगों को लगातार प्रताड़ित कर रहे है। उनकी जमीनों पर जबरन कब्जे किए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने 2017 के चुनाव से पहले भाजपा का दामन थामा था,लेकिन वह अपनी पुराने चोले को नहीं उतार सके है।
वर्ष 2021 से एक व्यक्ति लगातार आरटीआई के जरिए परेशान कर रहा है। उच्च न्यायालय में भी एक झूठी याचिका डाली थी। वह भी निरस्त हो चुकी है। उनके गेस्ट हाउस केला फार्म का फ्री में प्रयोग करना चाहते हैं। कई दिन से मेरा बाइकों व कार से पीछा किया जा रहा है। उन्होंने अपनी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग रामेश्वर दयाल शर्मा रम्मो गुरु को आगे कर दिया है। उसकी जमीन को विवादित करने का प्रयास कर रहे है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री सहित भाजपा के कई नेताओं से इस संबंध में शिकायत की गई है।
मिष्ठान कारोबारी ने लगाया एसडीएम पर अभद्रता करने और धमकी देने का आरोप
हाथरस। शहर के मिष्ठान कारोबारी रामेश्वर दयाल शर्मा ने वीडियो के जारी कर विनोद बसंल, अमित बसंल, आशीष बसंल अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि वह अपनी समस्या लेकर एसडीएम के पास पहुंचे तो उन्होंने भी उनके साथ अभद्रता की और सुल्तानपुर जैसा कांड करने की धमकी दी। उन्होंने वायरल वीडियो के जरिये समस्या मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए कहा है। साथ ही अगर कोई सुनवाई नहीं हुई तो पूरे परिवार के साथ आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मेरे साथ कुछ भी हो सकता है।
-उक्त भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दोनों पक्षों से जमीन संबंधी दस्तावेज लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। धमकी वाली बात निराधार है। कोई भी अफसर इस तरह की बात नहीं कर सकता है। रवेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर।