जिले की 401 ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2024-25 में होने वाले विकास कार्याें का खाका पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत विभिन्न विभागों से समन्वय कर यह योजना तैयार की जा रही है।
ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों के समन्वय से होने वाले विकास कार्याें का खाका तैयार किया जा रहा है। जिले की 462 ग्राम पंचायतों में यह खाका नौ बिंदुओं पर तैयार किया जा रहा है। इनमें से एक बिंदु पर ग्राम पंचायत को संतृप्त करना होगा। तीन बिंदुओं को विकास योजना में शामिल करना होगा।
ग्राम पंचायतों की ओर से तैयार की गई विकास योजना के अनुसार ही शासन की ओर से केंद्रीय व राज्य वित्त की धनराशि जारी की जाएगी। इतना ही नहीं ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों के माध्यम से भी अपने विभागीय बजट से विकास कार्य कराए जाएंगे। जिला पंचायतराज अधिकारी सुबोध जोशी ने बताया कि शेष ग्राम पंचायतों को जल्द से जल्द विकास की योजना तैयार कर पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह हैं नौ बिंदु
निर्धारित नौ बिंदुओं में गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल हितैषी गांव, महिला हितैषी गांव, ढांचागत संरचना वाला गांव, बुनियादी ढांचे वाला गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, पर्याप्त जलयुक्त गांव, सुशासन वाला गांव की संकल्पना की गई है। इन्हीं नौ बिंदुओं में से प्रत्येक ग्राम पंचायत को कम से कम तीन बिंदुओं के लक्ष्यों को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों की विकास योजना में जोड़ना है।