शहर के मोहल्ला बालापट्टी स्थित माहौर बस्ती के काफी लोग सोमवार को मथुरा रोड ओढ़पुरा स्थित बिजली दफ्तर पहुंचे। वहां इन लोगों ने अधिकारियों पर खंभे और लाइन नहीं लगाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। इन लोगों ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी सौंपा। अधिकारियों का कहना है कि यह लोग नियम विरुद्ध तरीके से खंभे और लाइन बनाने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि शहर के कई ऐसे इलाके हैं, जो नगर पालिका सीमा में आते हैं। इन इलाकों में लंबे समय से लोग भी रह रहे हैं, लेकिन इन लोगों के गली और मोहल्ले में विद्युत खंभे व लाइन नहीं लगी है। ऐसे में यह लोग दूर-दराज लगे खंभे व विद्युत लाइन से कनेक्शन लेकर बिजली जला रहे हैं। ऐसा ही कुछ हाल है शहर के मोहल्ला बालापट्टी माहौर बस्ती है। मोहल्ले में तीन दर्जन से अधिक घर बने हैं, लेकिन बस्ती में खंभे व लाइन नहीं है। यहां रहने वाले लोगों को दूर-दराज लगे खंभों और लाइन से कनेक्शन लेकर अभी तक बिजली का उपभोग करना पड़ रहा है।
लोग लंबे समय से बस्ती में विद्युत खंभे और लाइन बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि यह लोग नियम विरुद्ध खंभे और लाइन बनाने की मांग कर रहे हैं, जबकि नियम के मुताबिक कहीं भी ऐसे कार्याें के लिए पहले एस्टीमेट बनता है। इसका पूरा खर्च उपभोक्ताओं द्वारा दिया जाता है। अगर सभी उपभोक्ता मिलकर एस्टीमेट का भुगतान कर देते हैं तो विभाग द्वारा खंभे लगाए जाएंगे और बंच लाइन खींची जाएगी।
बालापट्टी के लोग नियम विरुद्ध खंभे और लाइन बनाने की मांग रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता है। पहले एस्टीमेट बनेगा और उसके बाद ही खंभे लगेंगे और लाइन खींची जाएगी। -अभिषेक सिंह, अधिशासी अभियंता, शहर।