दिल्ली पुलिस की चार वर्ष पहले चोरी हुई बाइक महानगर में कासगंज में पंजीकृत बाइक नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रही थी। जब बाइक का चालान कासगंज के नंबर के आधार पर हुआ और उसके असल स्वामी को मैसेज मिला तो शिकायत अलीगढ़ पुलिस से की गई। इस आधार पर इस बाइक को पकड़ा गया है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस को सूचना दे दी गई है। इसी गिरोह से मथुरा से चोरी एक स्कूटी भी बरामद हुई है। इस गिरोह के दो साथी दबोचे गए हैं, दोनों को बन्नादेवी पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि दिल्ली वजीराबाद से वर्ष 2019 में दिल्ली पुलिस की अपाचे बाइक चोरी हुई थी। यह बाइक अलीगढ़ में कासगंज के व्यक्ति के नाम से पंजीकृत बाइक की नंबर प्लेट लगाकर चलाई जा रही थी। इस दौरान अलीगढ़ पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से उस बाइक नंबर के चालान हुए और उसके मालिक पर मैसेज पहुंचा। इस पर उस व्यक्ति ने यहां सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्टाफ से संपर्क कर बताया कि वह तो कभी अलीगढ़ आया ही नहीं।
इस पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम प्रभारी ने जांच की तो बाइक दिल्ली पुलिस की निकली। इस पर पुलिस ने कासगंज के गंजडुडवारा के असलम को चोरी की बाइक सहित दबोच लिया। वहीं इसके दूसरे साथी हरदुआगंज के खान आलमपुर निवासी आकाश को मथुरा से चोरी स्कूटी सहित दबोचा है। दोनों वाहनों को दूसरे नंबरों पर यहां चलाया जा रहा था। इस सफलता में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी धीरेंद्र सिंह व स्टाफ की भूमिका अहम है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दोनों को बन्नादेवी से जेल भेजा गया है।