सादाबाद-सहपऊ मार्ग पर नगला ब्राह्मण के सामने नगला बघेल की ओर जाने वाले लिंक मार्ग पर एक लगभग 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव के पिछले हिस्से पर दो गोलियां लगने के निशान थे। पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर रात अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार और सीओ सादाबाद गोपाल सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना के संबंध में छानबीन की।
शव को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि मृतक के सिर को किसी हथियार से बुरी तरह से काटा गया है। इससे पहले उसे पीठ पर दो गोलियां मारी गई हैं। सूचना पर सादाबाद एवं सहपऊ पुलिस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने आसपास के लोगों से इस बारे में जानकारी हासिल की, लेकिन कोई भी यह नहीं बता पाया कि मरने वाला कौन है और उसकी हत्या किसने की है। देर रात डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हत्या की सूचना पर मौके पर काफी भीड़ भी जमा हो गई।