हाथरस। दिल्ली पब्लिक स्कूल में रविवार को अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन हुआ। इस सेरेमनी में अंकुश फाउंडेशन द्वारा आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में अव्वल आए मेधावियों को पुरस्कृत कर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पीएस सिवच (प्रो वाइस चांसलर, मंगलायतन यूनिवर्सिटी), पेट्रन पवन जैन, अंकुश फाउंडेशन के अध्यक्ष विनय ओसवाल, सचिव यादव नाथ शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय, पूर्व ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, सपा राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन, विधायक गेंदा लाल चौधरी आदि के स्वागत के साथ दीपदान व वंदना से हुआ। तदुपरांत स्कूल के बाल कलाकारों द्वारा मंत्रमुग्ध कर देने वाली नृत्य प्रस्तुति, ऑर्केस्ट्रा वादन, लघु नाटिका आदि के द्वारा सभी का मन आकर्षित कर लिया गया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 19 विद्यालयों के 625 प्रतिभागियों में से 171 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पीएस सिवच ने कहा कि यदि हमें स्वस्थ रहते हुए, कदम से कदम मिलाते हुए देश की प्रगति में योगदान करना है तो हमें स्वच्छता के नियमों का पालन करना होगा। कार्यक्रम की समन्वयक नीना चक्कु ने कहा कि यदि हम एक बेहतर कल की कामना करते हैं तो हमें स्वच्छता के प्रति स्वयं व लोगों को सचेत करना होगा। इस मौके पर विद्यार्थियों के अभिभावक व शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थे। ------------