मुणिया पूर्णिमा पर मथुरा जाने के लिए रोडवेज बस में सवार होने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : samvad
गोवर्धन में लगने वाले मुड़िया पूर्णिमा मेले में जाने के लिए रविवार को रोडवेज बसों से लेकर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। मथुरा की तरफ जाने वाली ट्रेनों और रोडवेज बसों में यात्रियों की भरमार रही। हालांकि परिवहन निगम की ओर से हाथरस डिपो की 20 बसें भी मुड़िया पूर्णिमा मेले में लगा दी गई हैं। इस कारण आगरा-अलीगढ़ और अन्य मार्गों पर बसों की किल्लत देखने को मिली।
इन मार्गों के यात्रियों को वाहनों के इंतजार में कई घंटे परेशान होना पड़ा। उल्लेखनीय है कि गोवर्धन में लगने वाले प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले में हाथरस से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन परिक्रमा करने जाते हैं। यहां तक कि यह भक्त गोवर्धन की परिक्रमा भी लगाते हैं। इसके चलते रविवार को मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की खासी भीड़ रही।
शाम को मथुरा जाने वाली ट्रेन में पैर रखने तक के लिए जगह नहीं थी। रोडवेज की 20 बसें पहले से ही मेले में रवाना हो गईं। इस कारण यात्रियों को अन्य मार्गों पर बसों की कमी से जूझना पड़ा। यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद भी वाहन मिल सके। इस कारण यात्रियों को डग्गामार वाहनों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। अभी यात्रियों को कम से कम दो दिन तक आसपास के मार्गाें पर बसों का संकट झेलना पड़ेगा।