हाथरस। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के एक गांव में एक ठग को बंधक बनाकर रखना एक परिवार को भारी पड़ गया। ठग के साथ आए दिन की मारपीट का विरोध जब दूसरे पड़ोसी ने किया तो आरोपी परिवार के लोगों का पारा चढ़ गया। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया है। बंधक बनाए गए ठग को भी थाने बुलाया गया है। ठग गांव-गांव घूमकर महिलाओं को सोने के जेवर कुछ ही दिनों में दो गुना करने का लालच देता है। ऐसा ही लालच उसने थाना क्षेत्र के एक गांव की एक महिला को दिया। जेवरों को लेने के बाद उसने कुछ और जेवर बढ़ाकर दो गुना कर दिया। इससे महिला का लालच बढ़ गया और उसने अपने सारे जेवर दो गुना करने को दे दिए। लाखों के जेवरों को लेकर ठग रफूचक्कर हो गया। 28 जनवरी की शाम को ठगी की शिकार महिला ने हाथरस जंक्शन में इस ठग को देख लिया और लोगों की मदद से उसे पकड़वा लिया गया। महिला के पति और परिवार के बाकी लोग ठग को घर ले आए और मारपीट शुरू कर दी। उससे ठगे गए जेवर या इसकी रकम की मांग की जाने लगी। चार दिन से घर में बंधक बनाकर रखे गए ठग की हालत पर पड़ोसी को दया आ गई और उसने ठग को पुलिस के हवाले किए जाने की बात कही, जिस पर बात बिगड़ गई और मारपीट शुरू हो गई। एसओ सुधीर कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों से बात की जा रही है। जिस आदमी को ठग बताया जा रहा है, उससे भी पूछताछ की जाएगी। आरोपों की जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।