हसायन पुलिस की हिरासत में आरोपी
- फोटो : Amar Ujala
थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव नगला मांधाती में ग्रामीणों ने चार पशु तस्करों को पकड़ कर उनकी जमकर पिटाई की। वे एक मृत भैंस को मैक्स गाड़ी में डालकर ले जा रहे थे। भैंस मालिक का आरोप है कि पकड़े गए लोगों ने जहर का इंजेक्शन लगाकर उसकी भैंस को मार डाला है।
दूसरी ओर आरोपियों का कहना है कि भैंस के मरने के बाद उनको इसे ले जाने के लिए बुलाया गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने इन चारों को हिरासत में ले लिया। देर रात उनसे पूछताछ जारी थी।
थाना हसायन क्षेत्र के गांव नगला मांधाती में मंगलवार की देर शाम कुछ ग्रामीणों ने यह देखा कि कुछ लोग गांव के ही नरसिंह पाल की भैंस के शव को मैक्स गाड़ी में लादकर ले जा रहे हैं। इस पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर इन्हें पकड़ लिया और इनकी जमकर धुनाई की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में इन चारों ने अपने नाम मनोज, इमरान, राजू व राशिद निवासीगण नौरंगाबाद सिकंदराराऊ बताए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शातिर पशु तस्कर हैं। यह इसी तरह से पशुओं को चुराकर ले जाते हैं। उसके बाद इनकी कट्टी कर देते हैं।
ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में इसी तरह जहर का इंजेक्शन लगाकर कई पशुओं को चोरी किया जा चुका है। पुलिस इन चारों को थाने ले आई। थाना कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार का कहना था कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने इन्हें पकड़ा है। इनसे पूछताछ की जा रही है। ऐसा लगता है कि यह इसी तरह से पशु चोरी की वारदात करते हैं। इनके पास से मैक्स गाड़ी भी बरामद हुई है। इधर, पकड़े गए लोगों का कहना था कि उन्हें गांव में इस सूचना पर बुलाया गया था कि वह वह मृत भैंस को ले जाएं। उन पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर भैंस क मालिक नरसिंह पाल का कहना है कि इन लोगों ने उसकी भैंस को जहर का इंजेक्शन देकर मारा है। किसी ने भी इनको नहीं बुलाया है।