जिला रहस्मय ढंग से महिलाओं की चोटी कटने की दहशत से उबर नहीं पा रहा। अब सिकंदराराऊ में दो जगहों पर रहस्मय ढंग से दो महिलाओं की चोटी कट गई। चोटी कटने के बाद महिलाएं बेहोश हो गईं और उन्हें इलाज के लिए ले जाना पड़ा। दोनों घटनाएं इलाके में चर्चा का विषय रहीं।
मोहल्ला दमदपुरा निवासी महिला राजकुमारी पत्नी सरनाम सिंह दोपहर तीन बजे घर में चारपाई पर सोई हुई थीं। महिला की मानें तो एक काले रंग का शख्स हाथ में कैंची लेकर आया और उसकी गर्दन पकड़ ली और चारपाई के नीचे लटक रही चोटी काट दी। काले आदमी को देख वो भय से चीख उठी और उसे होश नहंीं रहा।
महिला की चीख सुनते ही आसपास के घरों में भी चीख पुकार शुरू हो गई। बच्चे मारे दहशत के घरों से निकलकर भागे। बेहोशी की हालत में महिला को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां करीब दो घंटे पश्चात महिला को अस्पताल में होश आया।
दूसरी घटना में मोहल्ला नौखेल निवासी ओमवती पत्नी चरन सिंह (40 वर्ष) के साथ हुई। उसने बताया कि वह घर से बाहर ढकेल पर सब्जी लेने आई थी कि एकाएक उसकी चोटी कटकर सड़क पर गिर पड़ी। चोटी कटते ही महिला चीख मारकर बेहोश हो गई। नगर में तीन घंटे के अंतराल से चोटी कटने की दो घटनाओं से दहशत रही। लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं रहीं।
-------