अलीगढ़ से आगरा जा रही एक रोडवेज बस में बुधवार देर शाम दो बच्चे बिलखते हुए मिले तो परिचालक ने उन्हें सासनी पुलिस को सौंप दिया। बच्चे पिता के नाम के अलावा कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने दोनों बच्चों को बाल ग्रह समिति में दाखिल किया है।
पांच वर्षीय मानसी और चार वर्षीय मुकुल अपने पिता का नाम मनोज कुमार बता रहे हैं। बुधवार की देर शाम किसी ने बस में बैठा दिया। बच्चों के रोनेे-बिलखने की जानकारी जब परिचालक को हुई तो उसने चालक को बताया। चालक ने दोनों बच्चों को हनुमान चौकी पर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के मुताबिक बच्चे केवल अपने पिता का नाम ही बता पा रहे हैं। अन्य कोई जानकारी नहीं होने के कारण पुलिस ने दोनों बच्चों को बाल ग्रह समिति हाथरस के सुपुर्द कर दिया है। सासनी कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि माता-पिता के बारे में जानकारी होने तक दोनों बच्चे समिति की देखरेख में ही रहेंगे।