सिकंदराराऊ-कासगंज रोड पर दुर्घटन्ााग्रस्त बारातियों से भरी बस।
- फोटो : Amar Ujala
एटा के गांव मोहनपुरा से अलीगढ़ के क्वार्सी के गांव ईकरी लौट रही बारातियों से भरी बस सिकंदराराऊ के गांव निहालपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई और मजबूत पेड़ से रगड़ती हुई गड्ढे में पलट गई। हादसे में आठ बाराती घायल हो गए। सभी का सीएचसी सिकंदराराऊ में उपचार कराया गया।
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र के गांव ईकरी से शनिवार को बारात एटा के गांव मोहनपुरा आई थी। तड़के करीब चार बजे बस वापस लौट रही थी। बारातियों ने बताया कि सिकंदराराऊ-कासगंज रोड पर गांव निहालपुर के पास चालक को नींद की झपकी आई तो बस असंतुलित हो गई। बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। सभी बारातियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया।
पुलिस की मदद से सभी को सीएचसी भिजवाया गया। घायल हुए बनी सिंह पुत्र शेरपाल, बाबूलाल पुत्र दर्शन लाल, भीमसेन पुत्र फतेह सिंह, राजपाल पुत्र प्रेमसिंह, महेश, लक्ष्मण पुत्र वीरेंद्र पाल, पंकज पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासीगण ईकरी, नगेंद्र कुमार निवासी कासिमपुर पॉवर हाउस को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजा गया। सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।