हाथरस। चौथ वसूली के आरोप में पुलिस ने राजेश टोंटा गैंग का एक सदस्य दबोचा है। टोंटा की हत्या के बाद यह गैंग खत्म भले ही हो गया था, लेकिन कुछ लोग इसके नाम पर अभी भी शहर में चौथ वसूली करने में जुटे हुए हैं। आरोपी विनय शर्मा उर्फ वीनू उर्फ मेंटल पुत्र कैलाश चंद्र निवासी गली सादाबादियान पर टोंटा के लिए वसूली करने के आरोप लगते रहे हैं। राजेश शर्मा उर्फ टोंटा की हत्या के बाद शहर में जबरन बाजार बंद कराने के आरोप में भी पुलिस ने वीनू को जेल भेजा था।
सदर कोतवाली में पत्रकारों को एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि वीनू ने 13 अप्रैल को अपने दो साथियों की मदद से कोल्ड स्टोर मालिक अंकित वार्ष्णेय के मुरसान गेट स्थित घर के अंदर खड़ी स्विफ्ट कार के शीशे पर दो फायर किए थे। इसके बाद अंकित वार्ष्णेय दहशत में आ गए थे। 29 अप्रैल को अंकित वार्ष्णेय के घर पहुंचकर वीनू और उसके साथियों ने दस लाख रुपये की चौथ मांगी थी। कहा था कि अगर दो दिन के अंदर रकम नहीं दी तो गोली कार के शीशे पर नहीं, बल्कि अंकित को मारी जाएगी। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 386 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कार पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों के चेहरे कैद हो गए थे। पुलिस ने शनिवार को इनमें से एक मुनेश शर्मा पुत्र अजुद्दी प्रसाद निवासी रुहेरी को पहचानने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वीनू की गिरफ्तारी आरपीएम कॉलेज के पास पुलिया से हुई। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने राजेश टोंटा के लिए छोटी-मोटी वसूली करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने पूछताछ में बताया कि टोंटा की हत्या के बाद वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे, इसलिए उन्हाेंने इस घटना को अंजाम दिया। घटना के खुलासे के लिए सदर कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा, एसएसआई अवधेश कुमार, एसआई प्रमोद कुमार, सिपाही रामवीर सिंह, राजेश कुमार, योगेश आदि की टीम को शाबाशी दी है। जल्द ही इनके लिए इनाम की घोषणा की जाएगी।
मैं व्यापारियों से यह अपील करता हूं कि अगर उन्हें चौथ वसूली के लिए कोई परेशान करता है तो वह इसकी शिकायत जरूर करें। इसके लिए वह मुझसे मिलकर शिकायत कर सकते हैं। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस चौथ वसूली की किसी कोशिश को कामयाब नहीं होने देगी। किसी भी नए गैंग को पनपने नहीं दिया जाएगा। व्यापारियों को धमकाने वाले अपराधी जेल के भीतर होंगे।
- डॉ. अजयपाल शर्मा, एसपी