हाथरस। एटीएम का पासवर्ड पता कर खाते से मोटी रकम पार करने वाले गैंग ने एक और युवक को अपना शिकार बनाया है। युवक ने कोतवाली पुलिस को अपने साथ हुई ठगी की शिकायत की है। मोहल्ला श्री नगर निवासी शाकिर पुत्र शमसुद्दीन का कहना है कि गुरुवार को उसे फोन कर एक युवक ने अपना नाम राहुल बताते हुए खुद को एसबीआई का कर्मचारी बताया। इसके बाद एटीएम का पासवर्ड अपडेट करने की बात कहकर बातों में उलझाए रखा। नया पासवर्ड देने की बात कहकर पुराना पासवर्ड पूछ लिया गया। पासवर्ड पूछने के बाद उसने कहा कि अगले दिन बैंक जाकर नया पासवर्ड ले लेना। युवक जब बैंक गया तो उसे खाते में केवल 150 रुपये मिले। टेलीशॉपिंग के जरिये शातिर ठगों ने उसे 35 हजार रुपये का चूना लगा दिया। बैंक ने जब खाते से हुए लेन-देन का ब्योरा निकाला तो पता चला कि कई नामचीन कंपनियों से टेलीशॉपिंग कर सामान की खरीद की गई है। ठगी का यह कोई पहला मामला नहीं। इस तरह के कई मामले अभी तक सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों में आरोपियों की धरपकड़ की कसरत से पुलिस हमेशा ही बचती रही है।