कोतवाली पुलिस ने सोमवार की देर रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बिलखौरा रोड गंदे नाले के पास से तीन लोगों को गोकशी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और छुरा भी बरामद किया है। आरोपियों के दो साथी अभी फरार हैं। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक सासनी प्रदीप कुमार ने बताया कि सोमवार की रात को वह और हनुमान चौकी प्रभारी अजय कुमार रात्रि गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग राधिका ढाबा के निकट किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने बिलखौरा रोड पर गंदे नाले के निकट घेराबंदी कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो साथी मौके से फरार हो गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बंटी पुत्र मुबीन निवासी नगला भूरा, रहीश उर्फ पीलिया पुत्र रमेश खां तथा नईम पुत्र गुलशेर खां निवासीगण बिलखौरा बताए है। बंटी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और तीन कारतूस, रहीश के कब्जे से 12 बोर का तमंचा व तीन कारतूस, नईम के कब्जे से एक छुरा बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपियों ने 20 सितंबर की रात्रि हनुमान चौकी के पास जंगल में गोकशी की घटना का इकबाल किया है। पकड़े गए लोगों ने अपने दो अन्य साथियों के घटना में शामिल होने की पुष्टि की है। कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि डेढ़ माह पहले गोकशी के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब इसी मामले में पकड़े गए तीनों लोग समेत पांच को आरोपी बनाया गया है।