हाथरस। मुरसान क्षेत्र के गांव कोटा में एक इंटर कॉलेज में शनिवार शाम एक युवक का शव मिला। शरीर पर चोटों के निशान हैं। युवक इंटर कॉलेज के सामने स्थित डिग्री कॉलेज में अपनी बहन को परीक्षा दिलाने आया था। युवक को जिला अस्पताल में मृत घोषित किए जाने की बाद उसकी बहन आपा खो बैठी और उसने इमरजेंसी में जमकर हंगामा किया। छात्रा ने इमरजेंसी स्टाफ, पुलिस और मीडिया के लोगों पर अपना गुस्सा उतारा।
विष्णु पुत्र सत्यपाल निवासी ताजपुर, मुरसान की उम्र केवल 22 साल थी। वह परास्नातक की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक विष्णु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा जिले में किसी कोचिंग को ज्वाइन करने वाला था। उसकी बहन रचना गांव कोटा के डिग्री कॉलेज से स्नातक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। शनिवार को वह बाइक पर अपने भाई के साथ द्वितीय पाली में परीक्षा देने आई थी। रचना के परीक्षा कक्ष में जाने के बाद विष्णु कॉलेज के बाहर इंतजार कर रहा था। परीक्षा समाप्त होने पर रचना जब बाहर आई तो उसने विष्णु को खोजा। कुछ देर बाद वह अचेत अवस्था में डिग्री कॉलेज के सामने मौजूद इंटर कॉलेज में पड़ा पाया गया। इस पर रचना ने शोर मचाया और लोगों को इकट्ठा किया। डिग्री कॉलेज के प्रबंधक अपनी कार में युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक के गले, कंधे और गर्दन के पास चोटों के निशान हैं। परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा है। मुरसान के थानाध्यक्ष मोहम्मद सलीम का कहना है कि वह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।