पुलिस की पिटाई से घायल युवक।
- फोटो : Amar Ujala
शहर कोतवाली में तैनात एक दरोगा ने चोरी के शक में एक युवक को दो दिन तक कोतवाली में अवैध हिरासत में रखकर थर्ड डिग्री दी। जांच में जब युवक निर्दोष पाया गया तो उसे मुंह बंद रखने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
रविवार को पीड़ित युवक ने सदर विधायक हरीशंकर माहौर से इस मामले में शिकायत की। विधायक ने डीएम-एसपी को दरोगा की हरकत के बारे में बताया। एसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर मामले की जांच एएसपी सिद्धार्थ वर्मा को सौंप दी है। एसपी ने उनसे एक हफ्ते में रिपोर्ट देने को कहा है।
आर्य समाज, मुरसान गेट में चार जुलाई को सगाई समारोह था। अगले दिन सुबह तड़के करीब चार बजे वर-वधु पक्ष के चार लोगों के अलावा चौकीदार मनोज आर्य पुत्र किशोरी लाल निवासी विद्यापति नगर मौजूद था। इसी दौरान बालापट्टी निवासी बच्चूलाल का 1.28 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग चोरी हो गया। बच्चूलाल ने पुलिस से शिकायत की। लाला के नगला क्षेत्र के चौकी इंचार्ज वेदपाल जांच-पड़ताल में जुट गए।
आर्य समाज के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के बाद पता चला कि बैग चोरी होने के दौरान कोई भी अंदर और बाहर नहीं गया। पुलिस का शक चौकीदार मनोज पर गया। आरोप है कि पांच जुलाई को उन्होंने चौकीदार मनोज को आर्य समाज, मुरसान गेट से पूछताछ के नाम पर हिरासत में ले लिया और कोतवाली में थर्ड डिग्री देना शुरू कर दिया। कोतवाली पहुंचे मनोज के पिता को भी कई घंटे तक बैठाकर रखा गया।
आरोप है कि इस दौरान दरोगा ने मनोज पर चोरी करने की बात कुबूल करने का दबाव बनाया। दो दिन तक जब मनोज ने चोरी करने की बात नहीं मानी तो दरोगा ने उसे छोड़ दिया। दरोगा ने मनोज को थर्ड डिग्री को लेकर मुंह बंद रखने की हिदायत दी। शनिवार को इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। परिजनों के कहने पर मनोज ने रविवार को इस संबंध में विधायक हरीशंकर माहौर से मिलकर दरोगा की शिकायत की।
गंभीरता दिखाते हुए विधायक ने मनोज को साथ लेकर डीएम-एसपी से शिकायत की। इसके बाद एसपी ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। मनोज आर्य ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत में मामले की मजिस्ट्रीयल जांच की मांग की है। मनोज ने डॉक्टरी परीक्षण कराकर आरोपी दरोगा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है।