सदर कोतवाली की आगरा रोड चौकी पर तैनात एक सिपाही पर महज 100 रुपये के लिए मारपीट करने और धमकाने के आरोप लगे हैं। आगरा रोड स्थित पुरानी पुलिस लाइन के पास मेस चलाने वाले प्रकाश शर्मा ने सदर कोतवाल को दी लिखित शिकायत में सिपाही पर उनके साथ अभद्रता करने और खाने के रुपये मांगने पर चूल्हा तोड़कर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
प्रकाश शर्मा ने कहा है कि वह पिछले कई सालों से निजी मेस चला रहे हैं। मेस में वह पॉलीटेक्निक के छात्रों को सस्ती दराें पर खाना खिलाते हैं। वहीं पुरानी पुलिस लाइन में रह रहे पुलिसकर्मियों को इससे भी रियायती दरों पर खाना खिलाते हैं। वह केवल 30 रुपये में पुलिसकर्मियों को थाली देते हैं। उन्होंने उधार खाना खिलाना बंद कर दिया है। प्रत्येक पुलिसकर्मी से डाइट के बाद वह रुपये ले लेते हैं। आगरा रोड चौकी पर तैनात एक सिपाही राहुल यादव पर उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने आठ डाइट खाने के बाद रुपये नहीं दिए। जब भी उनसे प्रकाश ने रुपये मांगे, सिपाही ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अंजाम भुगतने की धमकी दी।
बुधवार को खाना खाने पहुंचे राहुल से प्रकाश ने बकाया 240 रुपये में से 100 रुपये देने को कहा तो वह आगबबूला हो गए और मारपीट करने लगा। प्रकाश का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी सिपाही ने रुपये मांगने पर उनका चूल्हा तोड़ दिया था। अधिकारियों के शिकायत करने पर सबक सिखाने की धमकी दी थी। राहुल ने कहा कि वह किसी अधिकारी से नहीं डरता। प्रकाश के आरोपों पर राहुल यादव का कहना है कि उसने किसी के साथ कोई अभद्रता नहीं की। इस बारे में दूसरे सिपाहियों से पूछा जा सकता है। प्रकाश से केवल उनकी कहासुनी हुई थी। गाली-गलौज, मारपीट और चूल्हा तोड़ने के आरोप गलत हैं। उन्होंने खाने के रुपये न देने के आरोपों को भी गलत बताया। वहीं कोतवाली निरीक्षक सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि सिपाही के विरुद्ध मिली शिकायत की जांच कराई जाएगी।