कस्बा मुरसान में निकाय चुनाव में प्रत्याशी रहे दो नेताओं के समर्थकों के बीच मंगलवार रात हुई जानलेवा मारपीट, फायरिंग और पथराव के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर मुरसान पुलिस के अलावा चंदपा और हसायन थाने का फोर्स लगाया गया है। मुरसान पुलिस झगड़े के बाद तीनों पक्षों की शिकायत दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मोहल्ला व्यापारियान में मंगलवार देर रात हारे हुए दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए थे। मामले के तूल पकड़ने पर एएसपी अरविंद कुमार मुरसान पहुंच गए थे। थाने में दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा थे, तभी तीसरे पक्ष ने वहां पहुंचकर एक पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया था। इस तरह पूर्व चेयरमैन देशराज सिंह के समर्थकों पर दूसरे प्रत्याशी गिर्राज किशोर के समर्थकों के दो गुटों ने मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया था।
मोहल्ला व्यापारियान निवासी इरशाद पुत्र वज्जो ने अपनी शिकायत में कहा है कि पूर्व चेयरमैन देशराज सिंह और उनके समर्थक रात करीब आठ बजे तमंचे, लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और जमकर मारपीट की। जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। पुलिस ने इस मामले में देशराज सिंह निवासी आर्य समाज रोड, ईशाक कुरैशी, उसके बेटों मौसम, अशफाक और इकबाल निवासीगण मोहल्ला व्यापारियान व जीतू पुत्र राजकुमार निवासी मोहल्ला बौहरान के विरुद्ध बलवा करने, जानलेवा हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं कस्बे की मोहनजी वाली गली के रहने वाले जीतू शर्मा ने भी पूर्व चेयरमैन देशराज शर्मा और उनके समर्थकों पर घर में घुसकर मारपीट करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। इस मामले में भी पूर्व चेयरमैन देशराज, राजकुमार, हितेश पुत्र राजकुमार, रवि पुत्र गिर्राज निवासी उपाध्याय स्कूल के पास, वीरेंद्र पुत्र रामजी हाल निवासी सब्जी मंडी, जीतू पुत्र राजकुमार निवासी मोहल्ला बौहरान व अन्य 15-20 लोगों के विरुद्ध बलवा करने, जानलेवा हमला करने और धमकाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
तीसरे पक्ष इशाक की ओर से भी पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। इशाक ने कहा है कि चुनाव में एक प्रत्याशी को मिली हार को लेकर आबिद पुत्र अब्दुल रहमान ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि इरशाद की ओर से दर्ज एफआईआर में इशाक के आरोपी होने के कारण मुरसान पुलिस ने इशाक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मुरसान कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि इशाक को जानलेवा हमले के आरोप में गिरफ्तार किया है। वहीं इरशाद कुरैशी और आबिद निवासीगण मोहल्ला व्यापारियान को शांति भंग करने के आरोप में पाबंद किया गया है।
मुरसान में स्थिति नियंत्रण में है। तनाव जैसी कोई बात नहीं है। एहतियात के तौर पर फोर्स तैनात किया गया है। कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां की जाएंगी।
- योगेश कुमार, सीओ सादाबाद