हाथरस। मोहल्ला नवीपुर खुर्द में एक शिक्षिका ने घर के जाल से लटककर फांसी लगा ली। शिक्षिका घर में अकेली थी। मोहल्ले के लोगों ने शिक्षिका के पति और पुलिस को उसके फांसी लगाने की सूचना दी और शिक्षिका को फंदे से उतारा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और शिक्षिका के मायके वालों को सूचित कर दिया है। रात तक पुलिस मायके वालों के आने का इंतजार कर रही थी। पुलिस का कहना है कि शिवानी अग्रवाल (34) की अपने पति से अनबन रहा करती थी। उनके पति सचिन अग्रवाल छोटा-मोटा काम करते हैं। शिवानी एक स्कूल में पढ़ाती थीं और ट्यूशन कर अपना गुजारा करती थीं। उनके दो बच्चे भी थे। शिवानी ने जब खुद को फांसी लगाने का फैसला किया, तब घर में कोई नहीं था। उनके ससुर और दोनों बच्चे बाहर गए हुए थे। सदर कोतवाल मनोज शर्मा के मुताबिक शिवानी का मायका बरेली में है। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है। शिवानी के परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।