दाऊजी मेला में बीते दिनों छेड़छाड़, मारपीट और महिलाओं की चेन और कुंडल छीनने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। यहीं नहीं कई लोगों को पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा काटते भी पकड़ा है। दरअसल, इस सबके पीछे है मेले में शराब की बड़े पैमाने पर सप्लाई।
कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात मेले में छापा मारकर एक चाय की दुकान से देशी शराब के कई पौवे बरामद किए।
पुलिस ने एक आरोपी को भी मौके से हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गोपाल कुशवाहा पुत्र देवकीनंदन कुशवाहा का आवास मंदिर से चंद कदम की दूरी पर है। वैसे तो गोपाल और इसका भाई डीसीएम चलाने का काम करते हैं, लेकिन मेले में यह अपने घर के बाहर चाय की दुकान लगा लेते हैं।
मेले में चाय के अलावा शराब की सप्लाई यहां से बड़े पैमाने पर की जाती है। यही नहीं आरोपी अपनी दुकान के अंदर बैठाकर शराब भी पिलाते हैं। छापेमारी में पुलिस को दुकान से देशी शराब के 24 पौवे मिले। सदर कोतवाल मनोज शर्मा ने बताया कि गोपाल कुशवाह के यहां से शराब बरामद की गई है। उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।