कोतवाली सादाबाद क्षेत्र में नगला मदारी व नगला शेखा के बीच बाइकर्स ने फिर बिसावर से 50 किलो गिलट लेकर जा रहे युवक को कनपटी पर तमंचा तानकर लूट लिया। पुलिस इस मामले को संदिग्ध बता रही है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव गढ़ उमराव निवासी युवक जितेंद्र अपनी बाइक पर सवार होकर पाजेब निर्माण के लिए विसावर से 50 किलो गिलट लेकर आ रहा था। इसी दौरान बाइकर्स ने उसका पीछा किया। जब यह युवक गांव नगला मदारी व नगला शेखा के बीच में पहुंचा तो एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने इसकी कनपटी पर तमंचा तान दिया।
इस दौरान युवक कुछ समझ पाता बाइकर्स के एक साथी ने गिलट का बोरा इसकी बाइक से उठाकर अपनी बाइक पर रख लिया और तीनों फरार हो गए। पीड़ित युवक ने इस घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी है। पुलिस चौकी बिसावर चौकी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि मामला संदिग्ध दिखाई दे रहा है। फिर भी वह पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जिससे विधिवत रूप से कार्रवाई हो सके।