हाथरस। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर बिसाना के पास बुधवार को आधी रात के बाद सड़क किनारे खड़े एक ट्रक को आगरा की ओर से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में खड़े हुए ट्रक के दोनों क्लीनर ट्रकों के बीच दब गए। क्लीनर ट्रक को खड़ाकर उसके तिरपाल की रस्सी ठीक कर रहे थे। हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्लीनरों के साथी की शिकायत पर चंदपा पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। चंदपा एसओ अजय कौशल के मुताबिक एक ही मालिक के दो ट्रक आगरा की ओर से आ रहे थे। इनमें से एक में प्लास्टिक और एक में लोहे का सामान भरा हुआ था। बिसाना पर दोनों ट्रक रुके। एक ट्रक की हेड लाइट में दूसरे के क्लीनर मोहम्मद खालिद पुत्र सलीम निवासी मोहल्ला पीर खां, गुलावटी जिला बुलंदशहर और जगदीश उर्फ खल्ली पुत्र डालचंद निवासी छोटा नगला, सिकंदराबाद जिला बुलंदशहर अपने ट्रक की तिरपाल को सही करने के लिए उसकी रस्सी खींच रहे थे। रात करीब एक बजे पीछे से आते ट्रक संख्या यूपी 75-एच 8007 ने आगे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने उसके ट्रक को कब्जे में ले लिया है। दोनों क्लीनरों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे के दौरान दूसरे ट्रक में मौजूद उनके साथी शाहरुख खान पुत्र नफीस अहमद निवासी मोहल्ला पीर खां, गुलावटी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनाें को हादसे की सूचना दे दी गई थी। गुरुवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम से पहले परिजन आ गए थे।