हाथरस। हाथरस गेट पुलिस ने गुरुवार को बागला मार्ग पर एक मोबाइल की दुकान पर छापा मारा। यहां फर्जी सिम बेचे जाने के अंदेशे को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान हंगामा होने पर इकट्ठी भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दुकानदार ने पुलिस पर बेवजह उत्पीड़न का आरोप लगाया है। हाथरस गेट पुलिस गुरुवार सुबह बागला कॉलेज के पास लाउडस्पीकर से लोगों को अपराध होने पर बरतने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी देकर जागरूक कर रही थी। इस दौरान महिला हेल्प लाइन, चाइल्ड हेल्प लाइन, कंट्रोल रूम आदि के बारे में बताया गया। रिक्शे में बैठकर एक पुलिसकर्मी लोगाें को यह बता रहा था कि मोबाइल सिम के लिए दी जाने वाली आईडी पर यह लिखना नहीं भूलें कि यह आईडी केवल सिम लेने के लिए दी जा रही है। माइक से इस बात का अनाउंस होने का विरोध एक मोबाइल विक्रेता ने किया। दुकानदार पर पुलिसकर्मी से अभद्रता करने का भी आरोप है। इसकी जानकारी जब थाना पुलिस के अधिकारियों को हुईं तो उन्हें आरोपी के फर्जी सिम का धंधा करने की आशंका हुई। इस पर उसकी दुकान में छापा मारा गया। बागला मार्ग के कई दुकानदार और राहगीर तमाशबीन बन गए। कुछ लोगों ने जब हंगामा किया तो पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। एसएसआई एमएस भाटी का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की गई है। फर्म के कागजात जांच के लिए पुलिस ने अपने पास रख लिए हैं।