नगला बेरिया के निकट रेलवे ट्रक पर युवती का शव मिलने पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव नगला बेरिया के पास रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह ग्रामीणों को एक युवती का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर पर एएसपी राम मूरत यादव और हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणाें के मुताबिक युवती की उम्र 17 से 20 साल के बीच है। उसके कपड़े फटे हुए हैं, इससे उसके साथ दुष्कर्म और फिर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। अभी लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त कराने की कोशिश में जुटी है।
ग्रामीणाें का यह भी कहना है कि युवती को ट्रैक के आसपास नहीं देखा गया। उसका शव जहां मिला है, वहां ट्रेन से गिरकर पहुंचने की आशंका कम है। ऐसा लगता है कि युवती की हत्या करने के बाद शव को यहां ट्रैक पर फेंक दिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। एसओ हाथरस जंक्शन अखिलेश त्रिपाठी का कहना है कि दुष्कर्म और हत्या के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अभी तक की जांच-पड़ताल में उन्हें दुष्कर्म और हत्या के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
थाने के बाहर खड़े ट्रक में रखे जाते हैं शव
जिले में शवों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। शहर में शवों को जहां जिला अस्पताल में एक पेड़ के नीचे रख दिया जाता है। वहीं देहात के थानों में शवों को थाने के बाहर खड़े लावारिस वाहनाें में रख दिया जाता है। हाथरस जंक्शन में रेलवे ट्रैक पर मिले युवती के शव को पोस्टमार्टम के बाद थाने के बाहर खड़े एक ट्रक में रख दिया गया। इस ट्रक में हाल ही में जिला अस्पताल में दम तोड़ने वाली वृद्धा के लावारिस शव को भी रखा गया है। यह वृद्धा हाथरस जंक्शन स्टेशन पर रहती थी और हालत बिगड़ने पर इसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले भी थाना क्षेत्र में इस तरह के शवों को बाहर खड़े वाहनों में रखा जाता रहा है।