जिले में साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। ठग इसके लिए तरह-तरह के फार्मूले इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी तरह की दो वारदातों में बदमाशों ने 1.20 लाख रुपये की नकदी पार कर दी। अलीगढ़ की एक महिला के खाते से जहां बदमाशों ने 80 हजार रुपये की नकदी उड़ाई तो एक दंपती के खाते से 40 हजार रुपये की ठगी कर ली।
सदर कोतवाली क्षेत्र की वाटर वर्क्स कॉलोनी निवासी कमलेश व उनकी पत्नी का संयुक्त खाता एसबीआई की स्थानीय शाखा में है। कमलेश के पास 10 जुलाई को फोन आया। फोन पर उनसे यह कहा गया कि उनका खाता लॉक हो गया है। इसलिए वह अपने एटीएम का नंबर व पासवर्ड बता दें।
कमलेश ने यह बता दिया। इसके बाद ठगों ने पहली बार में उनके खाते से 20 हजार, दूसरी बार में 10 और फिर तीसरी बार में 10 हजार यानि 40 हजार रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी उन्हें तब हुई, जब उनके मोबाइल फोन पर इसका मैसेज आया। इस पर घबराए हुए कमलेश ने अपना खाता चैक किया तो उसमें से 40 हजार रुपये की नकदी गायब थी। अब शुक्रवार को उन्होंने इस बाबत थाना कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
इधर, अलीगढ़ जिले के मलखान सिंह अस्पताल के पास रहने वाली पूनम पत्नी कैलाश ने अपनी पढ़ाई के दौरान यहां चक्की बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में अपना खाता खुलवाया था। वह अपने खाते से लेन-देन करती रहती थी।
शुक्रवार को वह बैंक में रुपये निकालने आई और अपने खाते की पासबुक में एंट्री कराई तो उनके चेहरे पर हवाइयां उड़ गई। उन्हें पता चला कि कई दिन पहले ही बदमाशों ने उनके खाते से 80 हजार रुपये पार कर दिए हैं। उन्होंने इसकी तहरीर कोतवाली में दे दी है।