हाथरस रोड पर गुरुवार की दोपहर को पुलिस से बचकर भाग रहा मवेशियों से लदा एक कैंटर बढ़ार चौराहे के पास बेकाबू होकर पलट गया। सड़क किनारे खड़े एक युवक की इसकी चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने चौराहे पर जाम लगा कर वाहनों पर पथराव किया और तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंचे सीओ सादाबाद से भी धक्का-मुक्की की गई।
सीओ को बचाने थाने से पहुंची पुलिस फोर्स ने हवाई फायरिंग भी की। जवाब में भीड़ की तरफ से भी फायरिंग की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव और लाठीचार्ज में मृतक का भाई और एक पुलिस कर्मी भी घायल हुआ है, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया। शाम को मौके पर पहुंचे पूर्व ऊर्जा मंत्री व सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय ने आक्रोशित लोगों को समझाबुझा कर करीब तीन घंटे बाद जाम खुलवाया।
बढार चौराहे के पास मवेशियों से लदा एक कैंटर बेकाबू होकर पलट गया। पुलिस की गाड़ी इस कैंटर का पीछा कर रही थी। इसी हड़बड़ी में चालक नियंत्रण खो बैठा और कैंटर पलट गया। पल्लेदारी का काम करने वाला सतेंद्र पुत्र ताराचंद्र (25 वर्ष) इसकी चपेट में आकर दब गया। जब तक कैंटर को सीधा किया जाता तब तक सतेंद्र दम तोड़ चुका था। जैसे ही सतेंद्र की मौत की सूचना गांव सलेमपुर पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग बढ़ार चौराहे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। वाहनों पर पथराव किया गया और लाठी-डंडों से गाड़ियों के शीशे फोड़ने लगे।
इस बची सीओ सादाबाद हाथरस की ओर से आ रहे थे। दुर्घटना और भीड़ को देखकर वह रुक गए। उन्होंने थाना पुलिस को भी घटनास्थल पर बुलाया। इस बीच आक्रोशित लोगों ने सीओ से भी धक्का-मुक्की कर दी। तभी थाने का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। सीओ को लोगों के बीच घिरा और पथराव होते देखकर पुलिस कर्मियों ने हवाई फायर कर दिए। जवाब में भीड़ में से भी कुछ लोगों ने भी फायरिंग की, जिसके बाद मामला बढ़ता ही चला गया।
क्रोशित भीड़ को संभालने के लिए पुलिस ने लाठियां भी फटकारीं। फायरिंग करने वाले थाने के पुलिसकर्मी मौके से भाग खड़े हुए। सूचना पर थाना चंदपा, हाथरस गेट, हाथरस कोतवाली, हाथरस जंक्शन और सहपऊ आदि थानों की पुलिस और पीएसी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सीओ सिटी सुमन सिंह के अलावा एसडीएम सादाबाद जयप्रकाश, तहसीलदार सादाबाद पंकज वर्मा सहित अन्य राजस्व कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोग फायरिंग करने वाले पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाने और पीआरवी की गाड़ी के स्टॉफ के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग भी कर रहे थे।
घटना की जानकारी पर मौके पर शाम चार बजे पहुंचे क्षेत्रीय विधायक रामवीर उपाध्याय ने अधिकारियों से वार्ता के बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। लाठीचार्ज में मृतक का भाई हरीश और पुलिस कर्मी मानवेंद्र यादव भी घायल हो गए। पुलिस कर्मी को उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद पर भर्ती कराया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मृतक के पिता ताराचंद्र की तरफ से दो अलग-अलग तहरीर थाने में दी गई हैं।
----
जिन लोगों ने पुलिस पर पथराव, तोड़फोड़ की और जाम लगाया है, उनको चिन्हित करके उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में जिन पुलिस कर्मियों की भी लापरवाही रही है, उनकी भी जांच कराई जा रही है।
-डॉ.अरविंद कुमार, एएसपी हाथरस