हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला विष्णुपुरी में एक केबल ऑपरेटर पर एक रिटायर्ड फौजी से सेटटॉप बॉक्स न लगवाने पर साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मंगलवार रात को केबल ऑपरेटर ने जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। बुधवार को विष्णुपुरी की गली के कुछ अन्य लोग भी रिटायर्ड फौजी के साथ थाने पहुंचे और आरोपी केबल ऑपरेटर पर उसका सेटटॉप बॉक्स लगवाने का दबाव डालने का आरोप लगाया। पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला विष्णुपुरी की गली नंबर दस में रहने वाले अशोक कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके मुताबिक उनके मोहल्ले के एक केबल ऑपरेटर ने हाल में एक नई कंपनी के सेटटॉप बॉक्स लगवाने का ठेका लिया है। आरोप है कि ऑपरेटर मोहल्ले में लोगों के पहले से लगे एक कंपनी के सेटटॉप बॉक्स हटाकर अपने सेटटॉप बॉक्स लगवा रहा है। वह इसके लिए तैयार नहीं है, उन पर दबाव बनाया जा रहा है। अशोक कुमार ने अपना सेटटॉप बॉक्स बदलवा लिया था, लेकिन बाद में उन्होंने पहली कंपनी का ही सेटटॉप बॉक्स लगवा लिया।
अशोक कुमार के मुताबिक उन्हें पहली कंपनी की केबल का प्रसारण ज्यादा साफ लगता है, जिससे बौखलाए आरोपियों ने मंगलवार रात को अशोक कुमार के घर पहुंचकर उनके साथ मारपीट की। बचाव में आए अशोक के बेटे के साथ भी मारपीट की और घर में तोड़फोड़ भी की गई। अशोक कुमार नेे एक सभासद पर भी आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया है। इसके अलावा उन्होंने मारपीट के दौरान जेब से 20 हजार रुपये निकालने का आरोप भी लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
-----------
कर्मचारी के साथ मारपीट में कार्रवाई नहीं
हाथरस। शहर में डिश संचालकों के बीच संघर्ष फिर शुरू हो गया है। हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला विष्णुपुरी, खंदारी गढ़ी और नगला अलगर्जी में एक नए डिश नेटवर्क के सेट टॉप बॉक्स लगाए जा रहे हैं। इसे लेकर आए-दिन विवाद हो रहा है। बीते दिनों विष्णुपुरी में ही एक नेटवर्क के कर्मचारी प्रेमप्रकाश को दूसरे नेटवर्क के कर्मियों ने पीट दिया था। इस मामले में पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई नहीं की है। हालांकि दोनों पक्षों को धारा 107/116 के तहत पाबंद कर दिया है। अगर पुलिस ने डिश के विवाद के गंभीरता से नहीं लिया तो यह झगड़े किसी बड़ी वारदात की वजह भी बन सकते हैं।