हाथरस। सिकंदराराऊ रोड पर कैलोरा चौराहे के पास एक युवक ने अपनी ही पत्नी पर केरोसिन उड़ेल दिया और जलाने की कोशिश की। रास्ते से गुजर रही फीरोजाबाद की एक सपा नेत्री ने युवती को बचाया और आरोपियों को लोगों की मदद से भगाया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने उसकी डॉक्टरी जांच कराई है। युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस दौरान एसिड डालने की अफवाह से पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
सासनी क्षेत्र के गांव कौमरी की मीनू पुत्री रामपाल की शादी पांच साल पहले हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सीधामई के चंद्रकांत से हुई थी। मीनू ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों में बनी नहीं। दो साल ससुराल में रहने के बाद वह अपने बच्चे को लेकर मायके चली आई। उसने आरोप लगाया कि पति दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर मारपीट करता था। उसने कोर्ट में दहेज के आरोप में पति पर मुकदमा भी दर्ज करा दिया और गुजारा भत्ता दिलाने के लिए भी कोर्ट में केस दाखिल कर दिया। इससे चंद्रकांत पत्नी से खिसिया गया। मीनू का आरोप है कि वह बुधवार को हाथरस में खरीदारी करने आई थी और शाम को अपने भाई के साथ घर लौट रही थी। किसी तरह इसका पता आरोपी को चल गया। उसने कैलोरा चौराहे पर पत्नी को रोककर पीटना शुरू कर दिया। साले को भी जमकर पीटा। इसके बाद केरोसिन के तेल से भरी कैन उड़ेल दी। इस दौरान अफवाह फैल गई कि महिला पर एसिड डाल दिया गया है। इससे पुलिस और स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई।
आरोपी किसी वारदात को अंजाम देता, इससे पहले ही एक सपा नेत्री की कार वहां आकर रुक गई और उन्होंने युवती को आरोपियों से बचा लिया। एसओ हाथरस जंक्शन अखिलेश त्रिपाठी का कहना है कि वह मामले की जांच करा रहे हैं। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों का भी कहना कि महिला पर केरोसिन डाला गया था। एसिड अटैक की बात गलत है।