हाथरस। हसायन में मोबाइल की दुकानों से हुई चोरी का खुलासा करने का दावा हसायन पुलिस और एसओजी ने किया है। पुलिस ने चोरी के कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को दबोच लिया जबकि तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी के 38 मोबाइल फोन और एक तमंचा भी बरामद किया है।
आरोपियों के पास से एक डबल बैरल बंदूक भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक यह बंदूक चार दिसंबर 2016 को आरोपियों ने पुरदिलनगर निवासी मोहम्मद हुसनैन के यहां से चोरी की थी। एसपी दिलीप कुमार ने खुलासे से खुश होकर पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम देने का ऐलान किया है।
पुलिस लाइन में एसपी दिलीप कुमार, एएसपी संसार सिंह और सीओ सिकंदराराऊ राकेश वशिष्ठ ने प्रेसवार्ता कर बताया कि चोरी के बाद ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसओजी को लगाया गया था। एसओजी ने मुखबिर की सूचना पर सिकंदराराऊ-हसायन रोड पर करारमई पुल के पास एक कोठरी में छिपे आरोपियों को घेर लिया।
पुलिस ने हसायन के धुबई निवासी ताज मोहम्मद उर्फ बसइया पुत्र कल्लू खां और जफरुद्दीन पुत्र बशीर निवासी पिलखना, अकराबाद, अलीगढ़ को दबोच लिया है। जबकि भूरा उर्फ भोरा पुत्र निजामुद्दीन निवासी पिलखना, अकराबाद भाग निकलने में कामयाब रहा। एसपी के मुताबिक आरोपी बसइया शातिर चोर है। वह बाइक पर बैठकर मकानों, दुकानों की रेकी करता था। पंजाब गन हाउस में हुई चोरी में भी बसइया शामिल रहा था। आरोपियों को दबोचने वालों में एसओजी टीम के अलावा एसओ हसायन नरेंद्र पाल सिंह, एसआई नागेंद्र सिंह, महेशपाल, जतिन और अनुराग शामिल रहे।