हाथरस। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बंटने जा रही शराब हाथरस जंक्शन पुलिस के हत्थे चढ़ गई। थाना क्षेत्र के गांव बबूलगांव में पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ कार्रवाई कर टाटा मैक्स कार से शराब का जखीरा बरामद कर लिया। मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। देर शाम इनके विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस को टाटा मैक्स से 21 पेटी व्हिस्की और चार पेटी मैकडबल शराब मिली है। इसके अलावा देशी शराब के 1200 पौवे भी मिले हैं। एसओ हाथरस जंक्शन सुधीर कुमार के मुताबिक यह शराब क्षेत्र में बंटने के लिए जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर उन्होंने इसे बरामद कर लिया।
कार में शराब के जखीरे के साथ दो लोग पुलिस ने दबोचे हैं। इनमें एक महेश कुमार पुत्र हरी सिंह निवासी परसारा, थाना चंदपा और बबलू पुत्र रामवीर निवासी परसारा थाना चंदपा हैं। ये हालिया तौर पर थाना फीरोजाबाद के हिम्मतपुर गांव में रह रहे थे और चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने यहां आए थे।