फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस बोली- खौफ नहीं, काम के लिए छोड़ रहे गांव

Thu, 14 Apr 2016 11:19 PM IST
हाथरस/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
डकैती कांड का खुलासा नहीं होने पर एसपी आवास को घेरते नगला सिंगी के ग्रामीण। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
विज्ञापन
हाथरस। नगला सिंगी में पांच अप्रैल की रात को बदमाशों द्वारा बैंड गायक नरेश कुमार के दांत उखाड़ने और लूटपाट करने के मामले में ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीण गुरुवार सुबह एसपी आवास पर पहुंचे और कहा कि बदमाश रोज गांव में आ रहे हैं। इसके चलते कई लोग डर के कारण गांव छोड़ गए हैं। इस पर खुद एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने गांव का दौरा किया। एसपी ने ग्रामीणाें से बात की। दौरे के बाद उन्होंने कहा है कि गांव के ज्यादातर लोग घुमंतू जाति के हैं। वह हर साल इन दिनों में गांव में अपने घरों पर ताला लगाकर रोजगार के लिए दूसरे शहरों और राज्यों में चले जाते हैं। पलायन की बात गलत है। कुछ लोगाें में डर है, इसलिए गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों को तैनात करने और गश्त बढ़ाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। 
विज्ञापन


एसपी के मुताबिक गांव के ईशान, अल्का सिंह, मिथलेश, सूरजपाल, राजेंद्र, सूरज आदि से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि गांव के ज्यादातर लोग घुमंतू जाति के हैं और इन दिनों कई महीने के लिए वह घर में ताला लगाकर रोजगार के लिए दूसरे शहर चले जाते हैं। आठ से दस परिवार हाथरस में ही रोजगार की तलाश में सुबह जाते हैं और शाम को लौटते हैं। वहीं गांव के चार-पांच परिवार ऐसे हैं जिनके गांव में दो घर हैं। इसमें से एक घर पर वह ताला लगाकर रखते हैं। कुछ लोग खेत पर जाने पर भी घरों पर ताला लगा देते हैं। इस तरह गांव में इन दिनों 40 से 50 घरों पर ताला लटका है। 
उधर पीड़ित नरेश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ हुई लूट के मामले को हल्की धाराओं में दर्ज किया। लुटेरों ने पूरे परिवार को बेहोश कर लूटपाट की और नरेश के दांत प्लास से उखाड़ दिए और उसका एक हाथ भी तोड़ दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल नरेश की पत्नी का आगरा में एक निजी अस्पताल में कई दिनों तक उपचार कराया गया है। नरेश के मुताबिक लुटेरे उसके घर में रखे डेढ़ लाख रुपये और जेवर ले गए। दोनों भतीजियों की शादी की तैयारी वह कर रहा था। 24 अप्रैल की शादी थी। इससे पहले ही लुटेरे उनकी शादी का जेवर लूटकर ले गए। हर रोज बदमाश लूट के इरादे से धावा बोल रहे हैं। इससे बचने के लिए गांव के लोग रात-रातभर जाग रहे हैं। 
विज्ञापन

वहीं थाना हाथरस गेट एसओ केपी सिंह का कहना है कि पहली नजर में यह मामला रंजिश का लग रहा था क्याेंकि लुटेरे लूट का सामान घर में ही छोड़ गए थे। जिस तरह से नरेश के साथ बेरहमी से मारपीट हुई, उसके पीछे रंजिश की आशंका ज्यादा नजर आती है। भतीजियों की शादी से पहले लूट होने और सारा जेवर जाने की बात भी पुलिस के गले नहीं उतर रही। 

नगला सिंगी में हुई घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस इस काम में तेजी से जुटी है। मैने गांव का दौरा किया है। यह सही है कि गांव के कई परिवार रोजगार के कारण बाहर गए हुए हैं। कुछ परिवार दहशत में भी हैं। गांव में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। 
विज्ञापन

 डॉ. अजय पाल शर्मा, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें